किच्छा, ऊधमसिंह नगर
किच्छा कोतवाली के ग्राम दरऊ में हुई युवक आलिम की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने आलिम हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि यह हत्या चुनावी रंजिश के चलते की गई थी और इस घटना में कुल 6 लोग शामिल थे, जिनमें से 2 आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 4 अन्य आरोपी अभी फरार हैं। जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए ठोस साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही जारी है।
बता दें कि 6 दिन पूर्व किच्छा कोतवाली के ग्राम दरऊ में आपसी रंजिश और चुनावी विवाद के चलते दिन-दहाड़े फायरिंग कर युवक आलिम की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
