गाजियाबाद | संवाददाता (नरेश तोमर)
दिल्ली-गाजियाबाद सीमा से सटे टीला मोड़ थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल इस इलाके में टीला मोड़ थाना पुलिस और तुलसी निकेतन चौकी पुलिस द्वारा नियमित वाहन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच तथा गश्त की जा रही है। पुलिस की इस सक्रियता से स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है।
टीला मोड़ थाना क्षेत्र दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, सहारनपुर, हरियाणा और उत्तराखंड को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही होती है। इसी को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए दोपहिया और चारपहिया वाहनों की नियमित जांच शुरू की है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस की टीम गगन विहार, हर्ष विहार, कोयल एन्क्लेव, तुलसी निकेतन तथा आसपास की हाईराइज सोसाइटियों में नियमित गश्त कर रही है। समय-समय पर अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की नियमित मौजूदगी और सघन चेकिंग अभियान का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार पहले की तुलना में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों में कमी आई है और क्षेत्र का माहौल अधिक सुरक्षित हुआ है।
ऑक्सी रिच सोसाइटी के अध्यक्ष समीर वत्स ने कहा कि पुलिस की लगातार चेकिंग से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। इससे सड़क सुरक्षा में सुधार के साथ लोगों का पुलिस पर भरोसा भी मजबूत हुआ है।
मेट्रो पर्ल सोसाइटी के निवासी अमर बहादुर ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि नियमित वाहन जांच और गश्त से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है।
गगन विहार और कोयल एन्क्लेव के निवासी दिनेश शर्मा, रघुलाल, राधेश्याम, जगदीश नौटियाल, विजय बहादुर, दिनेश कुमार, मृत्युंजय, उमेश जैन और अनिल चौहान सहित कई स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा की। उनका कहना है कि नियमित गश्त और चेकिंग अभियान से कानून-व्यवस्था बेहतर बनी हुई है और लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि भोपुरा-लोनी रोड सर्विस रोड पर भी पुलिस समय-समय पर अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करती है। उनका मानना है कि इस तरह के अभियान क्षेत्र में अनुशासन बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने में प्रभावी साबित हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी प्रभु दयाल, तुलसी निकेतन चौकी प्रभारी सौरभ कुमार तथा पूरी पुलिस टीम के कार्यों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि नियमित वाहन चेकिंग, गश्त और निगरानी आगे भी इसी तरह जारी रहेगी, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिलता रहेगा।
