रिपोट;– Hind news
(गाजियाबाद।)
कोयल एन्क्लेव स्थित एंड्रॉमिडा प्लेनेट वन ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी में फायर ड्राइव-वे पर वर्षों से किए गए कथित अवैध निर्माण को लेकर निवासियों में चिंता बनी हुई है। सोसाइटी वेलफेयर एसोसिएशन का आरोप है कि इस अवैध निर्माण के कारण आपातकालीन स्थिति में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाती हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
एसोसिएशन के सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पूर्व में सोसाइटी में आग लगने की घटना के दौरान भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी अवैध निर्माण के कारण प्रभावित स्थान तक नहीं पहुंच सकी थी। इससे सोसाइटी के निवासियों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) द्वारा अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) को नोटिस भी जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक फायर ड्राइव-वे से अवैध निर्माण नहीं हटाया गया है। एसोसिएशन का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
सोसाइटी वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि फायर ड्राइव-वे को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य बिना किसी बाधा के किए जा सकें। साथ ही उन्होंने मीडिया के माध्यम से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की अपील की है।
एसोसिएशन ने इस मामले से संबंधित शिकायतों एवं विभागीय नोटिसों की प्रतियां भी उपलब्ध कराई हैं।
