केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटील ने किया उद्घाटन, कहा— नागरिकों को मिलेंगी पारदर्शी और सुगम आधार सेवाएं
नवसारी। नागरिकों को आधार से जुड़ी सेवाएं अधिक सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में नवसारी को एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) द्वारा स्थापित अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटील ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती देने के साथ-साथ नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी और सहज बनाएगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नए आधार सेवा केंद्र के शुरू होने से नवसारी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आधार से संबंधित सभी प्रमुख सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे लोगों को अब आधार नामांकन, नाम, पता, मोबाइल नंबर, फोटो और बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सेवाओं के लिए दूर-दराज के केंद्रों पर नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र में नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं के साथ पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आम लोगों का समय और संसाधनों की बचत होगी। यह केंद्र आधार से जुड़ी प्रक्रियाओं को अधिक व्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटील ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया अभियान ने देश में सरकारी सेवाओं के स्वरूप को पूरी तरह बदल दिया है। आधार सेवा केंद्र जैसी पहलें नागरिक-केंद्रित शासन की भावना को मजबूत करते हुए सरकारी सेवाओं को सीधे लोगों तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने इस पहल के लिए यूआईडीएआई की पूरी टीम को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र नवसारी के नागरिकों को विश्वस्तरीय सेवाओं का अनुभव प्रदान करेगा और क्षेत्र में डिजिटल सशक्तिकरण को नई गति देगा।
उद्घाटन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा यूआईडीएआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया। उपस्थित सभी अतिथियों ने इस केंद्र को डिजिटल सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसके सफल संचालन की शुभकामनाएं दीं।